नगर कीर्तन में प्रदूषण से निपटने का दिया गया संदेश, गतका पार्टी ने दिखाए हैरतअंगेज करतब।
नगर कीर्तन में प्रदूषण से निपटने का दिया गया संदेश, गतका पार्टी ने दिखाए हैरतअंगेज करतब।

सन्तोष कुमार यादव
गुड़गांव:- गुरु नानक देव जी के 554वें प्रकाश पर्व के अवसर पर शनिवार को शहर में जीरो वेस्ट नगर कीर्तन निकाला गया। शहर की प्रमुख सड़कों से होकर नगर कीर्तन जब निकाला तो संगत ने जगह-जगह इसका स्वागत किया। नगर कीर्तन की अगुवाई पंज प्यारों ने की। गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा द्वारा शहर में पांचवी बार जीरो वेस्ट नगर कीर्तन निकाला गया है।
इस नगर कीर्तन की खास बात यह रही कि इस दौरान कपड़े के थैले बांटने के साथ ही लोगों को नारियल में पौधे लगाकर दिए गए। इस दौरान लोगों द्वारा कूड़ा फैलाने से गुरेज रखा। कुछ संगत द्वारा कूड़ा फेंका तो गया, लेकिन नगर कीर्तन के साथ चल रही गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की टीम ने इस कूड़े को एकत्र कर रीसाइकिल के लिए भेज दिया। गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के पदाधिकारी शेरदिल सिद्धू ने बताया कि जीरो वेस्ट की मुहिम को सफल बनाने में कई गैर सरकारी संस्थाएं भी साथ दे रही हैं। यह लोगों को कूड़े के निस्तारण के प्रति जागरूक करने के साथ ही उसके निस्तारण के सही प्रकार के बारे में भी बता रही हैं।
नगर कीर्तन से पहले गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी द्वारा संगत से अपील की गई थी कि इस बार नगर कीर्तन में न तो किसी भी प्रकार के प्लास्टिक सामान का उपयोग किया जाए और न ही अपने निजी वाहनों को लाया जाए। जहां तक संभव हो पैदल अथवा साइकिल और रिक्शा पर चलें। इस बात का भी ख्याल रखें कि नगर कीर्तन के कारण शहर में यातायात व्यवस्था भी न प्रभावित हो। जिसका भी असर देखने को मिला और शहर में बिना कूड़ा करकट फैलाए नगर कीर्तन निकला। इस दौरान शहर में दूर-दूर तक नगर कीर्तन की झलकियां दिखाई दी जाने लगी। वहीं, गतका पार्टी की तरफ से दिखाए गए करतब को देखकर लोग मंत्रमुग्ध हो गए।
