अंतर्राज्यीय गिरोह का भंडाफोड़: हाईटेंशन तार चोरी में 10 गिरफ्तार, भारी बरामदगी

हाईटेंशन तार चोरी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का भंडाफोड़, 10 आरोपी गिरफ्तार

शामली। थाना बाबरी पुलिस और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में हाईटेंशन विद्युत तार चोरी करने वाले एक अंतर्राज्यीय संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 10 शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 23 बंडल चोरी के विद्युत तार, दो बोलेरो पिकअप, एक छोटा हाथी वाहन, एक अर्टिगा कार तथा तार काटने के उपकरण बरामद किए हैं।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक और क्षेत्राधिकारी थानाभवन के पर्यवेक्षण में यह बड़ी सफलता हासिल हुई। पकड़े गए आरोपी लंबे समय से सुनसान और ग्रामीण क्षेत्रों में हाईटेंशन लाइनों को निशाना बनाकर चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे थे।

कई थाना क्षेत्रों में की वारदातें

जांच में सामने आया कि गिरोह ने जनपद शामली के झिंझाना, गढ़ीपुख्ता, कांधला और बाबरी थाना क्षेत्रों में अलग-अलग तिथियों पर विद्युत तार चोरी की घटनाएं कीं। इसके अलावा बुलंदशहर जनपद में भी इसी तरह की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है। अन्य घटनाओं की जानकारी जुटाई जा रही है।

सुनियोजित तरीके से करते थे चोरी

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे पहले सुनसान क्षेत्रों में लगी हाईटेंशन लाइनों को चिन्हित करते थे। रात के समय टीम बनाकर विभिन्न वाहनों से मौके पर पहुंचते और इलेक्ट्रॉनिक कटर व अन्य उपकरणों की मदद से तार काट लेते थे। चोरी के तारों को तुरंत नहीं ले जाकर आसपास के जंगलों में छिपा देते थे, ताकि पुलिस को शक न हो। बाद में मौके देखकर तारों को इकट्ठा कर बेचने की योजना बनाते थे।

संगठित गिरोह, कई राज्यों में सक्रियता

पुलिस के अनुसार यह गिरोह अंतर्राज्यीय स्तर पर सक्रिय है और तकनीकी उपकरणों व वाहनों का उपयोग कर योजनाबद्ध तरीके से चोरी की घटनाएं करता था। आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है और अन्य राज्यों से भी संपर्क किया जा रहा है।

बरामदगी में शामिल

 

 

23 बंडल हाईटेंशन विद्युत तार

 

 

2 बोलेरो पिकअप

 

 

1 छोटा हाथी मालवाहक वाहन

 

 

1 अर्टिगा कार

 

 

तार काटने के उपकरण

 

 

पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

✍️अजीत कुमार श्रीवास्तव

👤मंडल प्रभारी सहारनपुर/ मेरठ

📞 9456889665

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *