शामली में हाउस टैक्स पर बड़ी राहत

नगर पालिका बोर्ड का बड़ा फैसला, टैक्स लगभग आधा; 5 माह तक 10% छूट और 7 माह तक कोई अधिभार नहीं

शामली

नगर पालिका परिषद् शामली की बोर्ड बैठक में शुक्रवार को शहरवासियों को बड़ी राहत देते हुए हाउस टैक्स व्यवस्था में अहम बदलाव किए गए। पालिका अध्यक्ष अरविन्द संगल की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में स्वकर निर्धारण प्रणाली के तहत जारी नोटिसों को लगभग आधा करने का निर्णय लिया गया। साथ ही आगामी पांच माह तक समय पर टैक्स जमा करने पर 10 प्रतिशत की छूट जारी रखने तथा अगले सात माह तक किसी भी प्रकार का अधिभार न लगाने का फैसला लिया गया।

शहर के हजारों मकान मालिकों को मिलेगा लाभ

पालिका बोर्ड के इस निर्णय से शहर के हजारों मकान मालिकों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है। पिछले कई महीनों से हाउस टैक्स बढ़ोतरी को लेकर शहर में चर्चाएं चल रही थीं, जिसके बाद पालिका अध्यक्ष द्वारा अधिकारियों और शासन स्तर पर लगातार बैठकों के जरिए समाधान तलाशा गया।

पालिका अध्यक्ष ने बताया कि शहर की परिस्थितियों और नागरिकों की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए नई कर व्यवस्था तैयार की गई है। इसके लिए 26 मार्च 2026 की बोर्ड बैठक में संशोधन प्रस्ताव पारित किया गया था, जिसकी शुक्रवार को पुनः पुष्टि की गई।

नई टैक्स व्यवस्था में वार्डों का होगा वर्गीकरण

नई व्यवस्था के तहत शहर के वार्डों को श्रेणी ‘अ’ और श्रेणी ‘ब’ में विभाजित किया गया है। इसके अलावा सड़कों के आधार पर वार्डों को चार भागों में बांटकर नई दरें निर्धारित की गई हैं। बोर्ड बैठक में निर्देश दिए गए कि अब नए बिल इसी व्यवस्था के अनुसार बनाए जाएं और किसी भी नागरिक पर अतिरिक्त अधिभार न लगाया जाए।

जैसे ही यह घोषणा की गई, पालिका सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा और उपस्थित सभासदों ने निर्णय का स्वागत किया।

25 सभासद रहे मौजूद

वित्तीय वर्ष 2026-27 की प्रथम बोर्ड बैठक पालिका सभागार में सुबह 11:15 बजे शुरू हुई। बैठक का संचालन अधिशासी अधिकारी विनोद कुमार सोलंकी ने किया। 30 सभासदों में से 25 सदस्य बैठक में उपस्थित रहे, जिनमें तीन नामित सभासद भी शामिल थे।

अधिकारियों को तत्काल नए बिल बनाने के निर्देश

बैठक में कर अधीक्षक योगेश कुमार और राजस्व निरीक्षक चन्द्रकिशोर पटेल को नई व्यवस्था के अनुसार तत्काल टैक्स बिल तैयार करने के निर्देश दिए गए।

इस दौरान सभासद हाजी साजिद, अजीत निर्वाल, नीरज, अरविन्द खटीक, राजीव गोयल, फिरदौस, सविता, अजय निर्वाल उर्फ बॉबी, स्नेह, प्रमोद जांगिड, पिंकी, पूजा, हसीन अंसारी, शाहिदा मंसूरी, अनिल कुमार उपाध्याय, शहनाज, तोहिद रहमानी, डॉ. राजेन्द्र संगल, धुरेन्द्र सिंह, रामनिवास सैनी, निशिकांत सिंघल, रोबिन गर्ग सहित पालिका के कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

अजीत कुमार श्रीवास्तव

मंडल प्रभारी सहारनपुर /मेरठ

📞 9456889665

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *