जूनियर स्कूलों के 71 अनुदेशकों को बड़ी सौगात

अप्रैल 2026 से मिलेगा ₹17 हजार प्रतिमाह मानदेय, शामली में डमी चेक वितरित

शामली। जनपद शामली के जूनियर स्कूलों में कार्यरत 71 अंशकालिक अनुदेशकों को प्रदेश सरकार की ओर से बड़ी सौगात मिली है। अब अप्रैल 2026 से अनुदेशकों को प्रतिमाह ₹17,000 मानदेय प्रदान किया जाएगा। जिला पंचायत रिसोर्स सेंटर शामली में आयोजित भव्य कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति में बढ़े हुए मानदेय के डमी चेक वितरित किए गए।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया कार्यक्रम का शुभारंभ

लखनऊ स्थित लोकभवन से उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अनुदेशकों के मानदेय वृद्धि एवं चेक वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम का लाइव प्रसारण जिला पंचायत रिसोर्स सेंटर शामली में भी देखा गया, जहां उपस्थित सभी अतिथियों एवं अनुदेशकों ने मुख्यमंत्री का प्रेरणादायी संबोधन सुना।

 

कार्यक्रम में पहुंचे मंत्री, विधायक व अधिकारी

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री संसदीय कार्य एवं औद्योगिक विकास जसवंत सिंह सैनी उपस्थित रहे। उनके साथ एमएलसी वीरेंद्र सिंह, एमएलसी मोहित बेनीवाल, सदर विधायक प्रसन्न चौधरी, थानाभवन विधायक अशरफ़ अली खान, जिलाधिकारी आलोक यादव, पीडी डीआरडीए प्रेमचंद एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी लता राठौर सहित अनेक अधिकारी मौजूद रहे।

₹9000 से बढ़ाकर ₹17000 किया गया मानदेय

राज्य मंत्री जसवंत सिंह सैनी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार ने अनुदेशकों का मानदेय ₹9000 से बढ़ाकर ₹17000 कर दिया है। इसके साथ ही अनुदेशकों को ₹5 लाख तक की निःशुल्क चिकित्सा सहायता तथा महिला अंशकालिक अनुदेशकों को 6 माह का मातृत्व अवकाश देने की घोषणा भी की गई है।

उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षकों और अनुदेशकों के हितों के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है तथा शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने सभी अनुदेशकों को शुभकामनाएं देते हुए विद्यालयों में बच्चों के साथ और अधिक मेहनत एवं समर्पण से कार्य करने के लिए प्रेरित किया।

बड़ी संख्या में मौजूद रहे अनुदेशक व कर्मचारी

कार्यक्रम में पिछड़ा वर्ग आयोग सदस्य प्रमोद सैनी, भाजपा जिला उपाध्यक्ष दामोदर सैनी, खंड शिक्षा अधिकारी विकास कुमार, सविता डबराल, जिला समन्वयक जितेंद्र कुमार, अंजू चौहान, एसआरजी-एआरपी टीम, कर्मचारीगण एवं जनपद के सभी विकास खंडों व नगर क्षेत्रों के अंशकालिक अनुदेशक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

रिपोर्ट:

अजीत कुमार श्रीवास्तव

मंडल प्रभारी, सहारनपुर-मेरठ मंडल

📞 9456889665

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *