पीएम स्वनिधि योजना में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त, लंबित ऋण जल्द स्वीकृत करें : डीएम आलोक यादव
कलेक्ट्रेट सभागार में बैंक अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक, पथ विक्रेताओं को आसान प्रक्रिया से ऋण देने के निर्देश
शामली। कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को जिलाधिकारी आलोक यादव की अध्यक्षता में पीएम स्वनिधि योजना की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में डिप्टी कलेक्टर एवं परियोजना अधिकारी डूडा हामिद हुसैन, अग्रणी जिला प्रबंधक तथा विभिन्न बैंकों के जिला समन्वयकों ने भाग लिया।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने बैंकवार पीएम स्वनिधि योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय ऋण की लंबित फाइलों को शीघ्र स्वीकृत कर वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पात्र पथ विक्रेताओं को कम से कम औपचारिकताओं के साथ ऋण उपलब्ध कराया जाए, ताकि उन्हें अपनी दैनिक मजदूरी छोड़कर बार-बार बैंकों के चक्कर न लगाने पड़ें।
पथ विक्रेताओं को आत्मनिर्भर बनाने की योजना
बैठक में अधिकारियों को बताया गया कि पीएम स्वनिधि योजना भारत सरकार की वित्तीय पोषित केंद्रीय क्षेत्र की महत्वाकांक्षी योजना है, जिसका उद्देश्य शहरी पथ विक्रेताओं को आत्मनिर्भर बनाना है। योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को प्रथम चरण में 15 हजार रुपये का ऋण दिया जाता है। पहली किश्त समय से चुकाने पर दूसरी किश्त के रूप में 25 हजार रुपये तथा दूसरी किश्त का भुगतान करने पर तीसरी किश्त के रूप में 50 हजार रुपये तक का कार्यशील पूंजी ऋण उपलब्ध कराया जाता है।
अधिकारियों ने बताया कि यह योजना ब्याज अनुदान आधारित आसान ऋण सुविधा प्रदान करती है और नियमित भुगतान व डिजिटल लेनदेन को भी प्रोत्साहित करती है।
लाभार्थी यहां करें संपर्क

पीएम स्वनिधि योजना का लाभ लेने के इच्छुक पथ विक्रेता कार्यालय जिला नगरीय विकास अभिकरण (डूडा) शामली अथवा अपने संबंधित नगर पालिका परिषद एवं नगर पंचायत कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं।
बैठक में अपर जिलाधिकारी सत्येन्द्र सिंह, डिप्टी कलेक्टर हामिद हुसैन, अग्रणी जिला प्रबंधक तथा विभिन्न बैंकों के जिला समन्वयक उपस्थित रहे।
अजीत कुमार श्रीवास्तव
मंडल प्रभारी, सहारनपुर-मेरठ मंडल
📞 94568889665
