गर्मी में बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने को डीएम सख्त

विद्युत अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक, निर्बाध आपूर्ति व शिकायत निस्तारण के दिए निर्देश

शामली, 25 मई। जनपद में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर एवं सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी आलोक यादव ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में विद्युत विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में बिजली आपूर्ति, लाइन लॉस, ट्रांसफार्मरों की स्थिति तथा उपभोक्ताओं की शिकायतों के त्वरित निस्तारण को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि भीषण गर्मी के मौसम को देखते हुए शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने खराब ट्रांसफार्मरों को तत्काल बदलने तथा जर्जर विद्युत लाइनों की मरम्मत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।

फील्ड में सक्रिय रहें अधिकारी : डीएम

जिलाधिकारी आलोक यादव ने कहा कि आमजन को बिजली संबंधी समस्याओं का सामना न करना पड़े, इसके लिए विभागीय अधिकारी फील्ड में सक्रिय रहकर नियमित निरीक्षण करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि उपभोक्ताओं की शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

डीएम ने चेतावनी देते हुए कहा कि विद्युत व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।

अधीक्षण अभियंता समेत कई अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में अधीक्षण अभियंता विद्युत वीरेंद्र सिंह, समस्त अधिशासी अभियंता तथा सभी उपखंड अधिकारी उपस्थित रहे और जनपद की विद्युत व्यवस्था से संबंधित बिंदुओं पर जानकारी दी।

— अजीत कुमार श्रीवास्तव

मंडल प्रभारी, सहारनपुर–मेरठ मंडल

📞 9456889665

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *