ईद-उल-जुहा से पहले शामली पुलिस का फ्लैग मार्च

झिंझाना में एसपी एन.पी. सिंह ने संभाली कमान, सौहार्द बिगाड़ने वालों को दी सख्त चेतावनी

शामली। आगामी ईद-उल-जुहा पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में सम्पन्न कराने के लिए शामली पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद दिखाई दे रहा है। मंगलवार को पुलिस अधीक्षक शामली एन.पी. सिंह ने थाना झिंझाना क्षेत्र में पुलिस बल के साथ पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

एसपी ने कस्बे के प्रमुख बाजारों, संवेदनशील इलाकों, धार्मिक स्थलों और मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में भ्रमण कर लोगों से सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने व्यापारियों, धर्मगुरुओं और स्थानीय नागरिकों से शांति एवं भाईचारा बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि त्योहारों की खुशियां आपसी सद्भाव से ही कायम रहती हैं।

सड़कों पर नमाज नहीं, तय स्थानों पर ही होगी अदा

पैदल गश्त के दौरान एसपी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सार्वजनिक सड़कों और मार्गों पर नमाज अदा न की जाए। नमाज केवल निर्धारित स्थलों पर ही संपन्न कराई जाए, ताकि यातायात एवं कानून व्यवस्था प्रभावित न हो।

इसके अलावा प्रशासन ने प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी न करने और कुर्बानी के अवशेष खुले स्थानों पर न डालने की अपील भी की। पुलिस ने लोगों से स्वच्छता बनाए रखने तथा प्रशासनिक निर्देशों का पालन करने को कहा।

अफवाह फैलाने वालों पर होगी कठोर कार्रवाई

ईद पर्व को लेकर सोशल मीडिया पर भी पुलिस की पैनी नजर बनी हुई है। पुलिस प्रशासन ने साफ किया है कि सोशल मीडिया पर भड़काऊ, आपत्तिजनक या अफवाह फैलाने वाली पोस्ट डालने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद

एसपी ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को लगातार क्षेत्र में भ्रमणशील रहने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और आमजन से बेहतर समन्वय बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए।

इस दौरान क्षेत्राधिकारी कैराना हेमन्त कुमार, प्रभारी निरीक्षक झिंझाना वीरेन्द्र कसाना सहित भारी पुलिस बल मौजूद रहा।

अजीत कुमार श्रीवास्तव

मंडल प्रभारी, सहारनपुर-मेरठ मंडल

📞 9456889665

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *