जनगणना-2027 के प्रथम चरण की शुरुआत

शामली नगर पालिका में स्व-गणना जागरूकता बैठक आयोजित

21 मई तक चलेगा स्व-गणना अभियान, नागरिकों से ऑनलाइन जनगणना पूरी करने की अपील

शामली। जनगणना-2027 के प्रथम चरण “मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना” के तहत नगर पालिका परिषद शामली में गुरुवार को स्व-गणना (Self Enumeration) को लेकर विशेष बैठक एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नागरिकों से 07 मई से 21 मई 2026 तक ऑनलाइन माध्यम से अपनी स्व-गणना पूर्ण करने की अपील की गई।

नगर पालिका परिषद शामली के चेयरमैन अरविन्द संगल ने कहा कि स्व-गणना अभियान जनभागीदारी को बढ़ावा देने की महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने लोगों से अपने परिवार की जानकारी जनगणना पोर्टल पर स्वयं दर्ज करने तथा आसपास के लोगों, रिश्तेदारों और परिचितों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। उन्होंने सोशल मीडिया पर #CensusUP हैशटैग के साथ स्व-गणना से जुड़ी सहभागिता साझा करने की भी अपील की।

डिजिटल माध्यम से होगी जनगणना प्रक्रिया

बैठक में अधिशासी अधिकारी विनोद कुमार सोलंकी ने उपस्थित सभासदों और कर्मचारियों को ऑनलाइन स्व-गणना प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने मोबाइल पर लिंक भेजकर स्वयं ऑनलाइन फॉर्म भरवाते हुए अभियान का शुभारंभ कराया।

उन्होंने बताया कि भारत सरकार ने इस बार जनगणना को पूर्णतः डिजिटल माध्यम से कराने का निर्णय लिया है, जिससे नागरिक अपने मोबाइल फोन के माध्यम से आसानी से स्व-गणना कर सकेंगे।

14 दिवसीय जनजागरूकता अभियान जारी

अधिकारियों ने बताया कि जनपद स्तर पर स्व-गणना को लेकर 14 दिवसीय विशेष जनजागरूकता एवं सहभागिता अभियान चलाया जा रहा है। इसके अंतर्गत 07 मई 2026 को “प्रशासक एवं राजस्व दिवस” के रूप में चिन्हित किया गया।

सभासदों और कर्मचारियों की रही मौजूदगी

कार्यक्रम का संचालन जनगणना प्रभारी चन्द्र किशोर पटेल (राजस्व निरीक्षक) एवं अमित कुमार ने संयुक्त रूप से किया। बैठक में सभासद रामनिवास सैनी, अनिल कुमार उपाध्याय, अजीत निर्वाल, तोहिद रहमानी, अरविन्द खटीक, रोबिन गर्ग, आशीष गुप्ता, हरिओम पाठक, देवानन्द गौड़ सहित नगर पालिका के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

✍️अजीत कुमार श्रीवास्तव

👤मंडल प्रभारी, सहारनपुर- मेरठ मंडल

📞 9456889665

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *