Crime News

आशियाना पुलिस ने नकबजनी का किया सफल खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार, चोरी का माल बरामद,

नकबजनी की दो घटनाओं का किया खुलासा, दो शातिर चोर गिरफ्तार

जीत नारायण

लखनऊ। थाना आशियाना पुलिस ने नकबजनी और चोरी के दो अलग-अलग मुकदमों का सफल खुलासा करते हुए दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दोनों मामलों से संबंधित चोरी के आभूषण और विद्युत तार बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार पहला मुकदमा 13 जुलाई 2026 को दर्ज हुआ था, जब सेक्टर डी-1 एलडीए कॉलोनी, कानपुर रोड निवासी किरण श्रीवास्तव ने अपने निर्माणाधीन मकान से बिजली के तार चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। इस संबंध में थाना आशियाना में मुकदमा संख्या 185/2026 पंजीकृत किया गया था।
दूसरा मुकदमा 17 जुलाई 2026 को दर्ज हुआ, जब रश्मिखंड, शारदानगर निवासी मंगल प्रसाद शर्मा ने अपने घर का ताला तोड़कर चोरी किए जाने की सूचना दी। इस मामले में थाना आशियाना पर मुकदमा संख्या 188/2026 दर्ज किया गया।

घटनाओं के खुलासे के लिए गठित पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर देवीखेड़ा से इको गार्डेन जाने वाले मार्ग से राहिल उर्फ लंगड़ा (44 वर्ष) और मो. इस्माइल उर्फ टिल्लू (42 वर्ष) निवासी कांशीराम कॉलोनी, सालेहनगर, थाना आशियाना को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से पाजेब, पायल, ब्रेसलेट, कमरबंद, चैन, अंगूठी सहित चोरी के आभूषण तथा निर्माणाधीन मकान से चोरी किए गए विद्युत तार बरामद किए गए। बरामदगी के आधार पर दोनों मुकदमों में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है।

पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी राहिल उर्फ लंगड़ा के विरुद्ध लखनऊ और गोरखपुर के विभिन्न थानों में चोरी और नकबजनी के 18 आपराधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं, जबकि दूसरे आरोपी मो. इस्माइल उर्फ टिल्लू का आपराधिक इतिहास अन्य थानों से जुटाया जा रहा है।

यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त लखनऊ तरुण गाबा के निर्देश, एडीसीपी मध्य जितेंद्र दुबे एवं सहायक पुलिस आयुक्त कैंट, सुजीत कुमार दुबे के मार्गदर्शन में प्रभारी निरीक्षक गजेंद्र कुमार राय के नेतृत्व में की गई। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक शुभम मेहंदियान, दिनेश सिंह, आलोक पांडेय सहित थाना आशियाना के अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *