गांजे के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, इको स्पोर्ट कार और दो आईफोन भी बरामद

गांजे के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, इको स्पोर्ट कार और दो आईफोन भी बरामद
जीत नारायण
लखनऊ। लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट की नगराम पुलिस ने गांजा तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 78.330 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 16 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त एक इको स्पोर्ट कार, दो आईफोन (अनुमानित कीमत करीब 2.30 लाख रुपये) तथा 12,500 रुपये नकद भी बरामद किए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रिंस जायसवाल और अभिजीत पटेल उर्फ सेना के रूप में हुई है। दोनों नगराम, लखनऊ के निवासी हैं और 12वीं तक शिक्षित हैं।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे बहराइच से गांजा लाकर लखनऊ, रायबरेली, बाराबंकी समेत आसपास के जिलों में अपने नेटवर्क के माध्यम से इसकी सप्लाई करते थे। इस अवैध कारोबार से होने वाली कमाई से उन्होंने महंगे आईफोन खरीदे थे और गांजे की तस्करी के लिए इको स्पोर्ट कार का उपयोग करते थे।
इस संबंध में थाना नगराम में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20/60 के तहत मुकदमा दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया गया है।
पुलिस उपायुक्त (दक्षिणी) मो. मुश्ताक ने प्रेस वार्ता में बताया कि मामले की जांच जारी है और इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि इस गिरोह का नेटवर्क किन-किन जिलों तक फैला हुआ है।
नगराम पुलिस की इस कार्रवाई को नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ एक बड़ी सफलता माना जा रहा है।
