चारबाग चौकी इंचार्ज ने दिखाई ईमानदारी, बढ़ाया पुलिस का मान

जीत नारायण (ब्यूरो लखनऊ)
लखनऊ। चारबाग चौकी इंचार्ज विश्वजीत सिंह ने अपनी ईमानदारी और सजगता का परिचय देते हुए ₹40,000 की नकदी उसके वास्तविक स्वामी को लौटा दी। सड़क पर गिरी यह रकम किसी असामाजिक तत्व के हाथ लग जाती तो शायद लौटना मुश्किल था, लेकिन पुलिस अधिकारी की संवेदनशीलता और सत्यनिष्ठा के चलते पीड़ित व्यक्ति को उसकी रकम वापस मिल गई।
बीते बुधवार को चारबाग चौकी क्षेत्र के अंतर्गत एक व्यक्ति का ₹40 हजार रुपये रास्ते में कहीं गिर गया था। मामला चौकी तक पहुंचा और जांच के दौरान चौकी इंचार्ज विश्वजीत सिंह ने रकम की पहचान करते हुए उसे सही मालिक को सौंप दिया।
रकम वापस मिलने पर पीड़ित व्यक्ति भावुक हो उठा और चौकी इंचार्ज का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि “आज भी पुलिस में ऐसे अधिकारी हैं जो ईमानदारी के साथ जनता की उम्मीदों पर खरे उतरते हैं।”
स्थानीय लोगों ने भी चौकी इंचार्ज की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे कार्य न केवल पुलिस की छवि को मजबूत करते हैं, बल्कि समाज में भरोसा भी बढ़ाते हैं।
इस सराहनीय कदम ने साबित कर दिया कि पुलिस केवल कानून व्यवस्था की रखवाली ही नहीं करती, बल्कि मानवता और नैतिकता की भी मिसाल पेश करती है।
