जयपुर-दिल्ली हाइवे पर कैब ड्राइवर की गोली मारकर हत्या

जयपुर-दिल्ली हाइवे पर कैब ड्राइवर की गोली मारकर हत्या

सन्तोष कुमार यादव

गुड़गांव:- जयपुर- दिल्ली हाइवे पर एक कैब ड्राइवर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। शनिवार सुबह जब पुलिस को इसकी सूचना मिली तो पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक तौर पर रंजिश में वारदात को अंजाम देना प्रतीत हो रहा है। जांच के बाद ही वारदात के असल कारण पता लग पाएंगे। शनिवार दोपहर को मृतक की पहचान यूपी के औरेया निवासी 32 वर्षीय उदयवीर के रूप में हुई है।

पुलिस की मानें तो शनिवार सुबह उन्हें सूचना मिली कि गांव सहरावन के पास अरावली ढाबे के नजदीक एक कैब खड़ी है जिसमें ड्राइवर के सिर पर गोली लगी हुई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर अपराध शाखा व फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया और जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक तौर पर पता लगा है कि कैब ओला कंपनी की थी। प्रारंभिक जांच के दौरान पाया गया कि मृतक अपने परिवार के साथ गाजियाबाद में रह रहा था। वह शुक्रवार रात को रेवाड़ी गया था जहां से वापस लौटते वक्त उसकी गोली मारकर हत्या कर दी है

तस्वीरों में साफ दिखाई दे रहा है कि किस तरह से कैब में ड्राइवर सीट पर शव लहूलुहान अवस्था में पड़ा है। कैब का ड्राइवर साइड का शीशा भी गोली लगने से चकनाचूर हो गया है। पुलिस की मानें तो प्रारंभिक जांच में ड्राइवर का मोबाइल व अन्य सामान गाड़ी में ही मिले हैं। ऐसे में लूट की संभावना नहीं लग रही। माना जा रहा है कि या तो कैब ड्राइवर की किसी से रंजिश थी अथवा गाड़ी ओवरटेक करने को लेकर किसी वाहन चालक से विवाद हुआ होगा जिसके कारण इस वारदात को अंजाम दिया गया है।

फिलहाल मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले में हर ऐंगल से जांच की जा रही है। क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को भी कब्जे में लिया गया है। जल्द ही हत्या की गुत्थी को सुलझाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। अब देखना यह होगा कि पुलिस इस ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी कब तक सुलझा पाती है। फिलहाल पुलिस ने जांच के लिए कई टीमों का गठन भी कर दिया है। पुलिस का कहना है कि मृतक के भाई को सूचना दे दी गई है। उसके गुड़गांव आने पर शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *