नाबालिक बच्चों को बालश्रम करवाने हरियाणा ले जा रहे 2 युवकों को पुलिस ने धर दबोचा।
नाबालिक बच्चों को बालश्रम करवाने हरियाणा ले जा रहे 2 युवकों को पुलिस ने धर दबोचा।

जीत नारायण
लखनऊ:- गुरुवार को ए०एच०टी०यू० लखनऊ चाइल्ड लाइन लखनऊ सदस्य, बचपन बचाव आन्दोलन, सदस्य चाइल्ड लाइन लखनऊ, आरपीएफ जीआरपी लखनऊ की संयुक्त पुलिस टीम ने बालश्रम के लिए ट्रेन से हरियाणा लेकर जा रहे 11 नाबालिग बच्चों को सकुशल बरामद कर 2 युवकों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
आपको बता दें बुधवार को चाइल्ड लाइन को सूचना मिली कि 2 युवक 11 नाबालिग बालकों को आम्रपाली एक्सप्रेस ट्रेन की जनरल बोगी से बालश्रम करवाने के लिए हरियाणा लेकर जा रहे हैं। सूचना पाकर आरपीएफ ऐशबाग के प्रभारी निरीक्षक व ए०एच०टी०यू० प्रभारी निरीक्षक सुहेल अहमद, उ0नि0 अमर बहादुर, हे०का० जितेन्द्र सिंह, का० विक्की कुमार, हे0का0 चालक शहिद अली, चाइल्ड लाइन लखनऊ, बचपन बचाव रेलवे व चाइल्ड लाइन रेलवे की संयुक्त टीम के प्लेटफार्म संख्या 3 पर आगे के जनरल बोगी एस 9 के पास पहुंचे तो देखा कि 2 व्यक्ति 11 नाबालिग बच्चों को बालश्रम हेतु अपने साथ लेकर जा रहे हैं। इस पर तत्काल कार्यवाही करते हुए उक्त दोनों व्यक्तियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ पर गिरफ्तार किये गये अभियुक्तों ने बताया कि हम इन नाबालिग बच्चों को इनके गांव से लेकर नीलकंठ एचरी मल्ली हरियाणा मुर्गी फार्म और मकई कारखाना में लेकर जा रहे हैं, जहां हम इनको 9 से 10 हजार रुपये दिलाएंगे और जहां पर इनसे 16 घंटे काम करवाएंगे। बताते चलें कि गिरफ्तार अभियुक्तों के विरूद्ध थाना राजकीय रेलवे पुलिस चारबाग लखनऊ पर धारा 370 (5) भादवि का अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक कार्यवाही की गई है। गिरफ्तार किए गए आरोपी दिलीप कुमार उम्र करीब 23 वर्ष पुत्र अरुण पासवान निवासी ग्राम जोतेली बासमान बिहारीगंज, मधेपुरा राज्य बिहार व दूसरा आरोपी शिवम कुमार उम्र करीब 21 वर्ष पुत्र अशोक पासवान निवासी ग्राम बिसरयार, बरहरा कोठी, पूर्णिया राज्य बिहार हैं। रेस्क्यू कर मुक्त कराये गये सभी नाबालिग बच्चों की उम्र महज 13 से 17 के बीच थी।
आरोपियों को गिरफ्तार व नाबालिकों को बरामद करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक सुहेल अहमद, उ0नि0 अमर बहादुर, हे0का0 जितेन्द्र सिंह, चालक शाहिद अली, का० विक्की कुमार शामिल रहे।
