मुजफ्फरपुर से लखनऊ पहुंचे लापता वृद्ध को पुलिस ने खोज निकाला

75 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर नाका पुलिस ने परिजनों से मिलाया
जीत नारायण (ब्यूरो लखनऊ)
लखनऊ। मुजफ्फरपुर से ट्रेन के जरिए लखनऊ पहुंचे लापता वृद्ध को नाका हिण्डोला पुलिस ने अथक प्रयास के बाद सकुशल तलाश कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस की इस मानवीय पहल पर परिजनों ने आभार जताया।
पुलिस के मुताबिक नेपाल निवासी गोकुल जोशी ने थाना नाका हिण्डोला में सूचना दी थी कि उनके पिता लोकराज जोशी (लगभग 50 वर्ष) काम के सिलसिले में मुजफ्फरपुर, बिहार से ट्रेन से 17 सितंबर 2026 को लखनऊ आए थे। लखनऊ पहुंचने के बाद उनका मोबाइल फोन बंद हो गया और परिजनों से संपर्क नहीं हो सका।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तलाश शुरू की। टीम ने चारबाग रेलवे स्टेशन और आसपास के प्रमुख स्थानों के करीब 75 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके अलावा वृद्ध की तस्वीर विभिन्न स्थानों पर दिखाकर स्थानीय लोगों से भी जानकारी जुटाई गई।
लगातार प्रयासों के बाद 24 सितंबर 2026 को लोकराज जोशी को सकुशल तलाश लिया गया। आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद उन्हें उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
तलाश करने वाली टीम में उपनिरीक्षक विश्वजीत सिंह, उपनिरीक्षक मोनू कुमार और कांस्टेबल सुधीर कुमार शामिल रहे।
