त्योहारों पर बाजारों में भीड़-भाड़ को लेकर पुलिस ने तैयार किया सुरक्षा प्लान

संतोष कुमार यादव

गुरुग्राम:- सदर बाजार में दोपहिया वाहनों के प्रवेश पर रोक
त्योहारों की वजह से बाजारों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी चाक-चौबंद
पांच से 15 नवंबर तक लागू रहेगी व्यवस्था, सादी वर्दी में तैनात होंगे पुलिसकर्मी
त्योहारों पर बाजारों में भीड़-भाड़ को लेकर पुलिस ने तैयार किया सुरक्षा प्लान।
गुरुग्राम त्योहारों देखते हुए शहर के बाजार और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद की जाएगी। इस संबंध में पुलिस आयुक्त विकास अरोड़ा ने अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान बाजारों में अतिरिक्त पुलिस बल को तैनात करने से लेकर आसपास के क्षेत्र में जाम न लगे, इसके लिए विशेष इंतजाम करने का निर्देश दिया है। यह व्यवस्था पांच से 15 नवंबर तक लागू रहेगी। पुलिस आयुक्त ने डीसीपी वेस्ट को सदर बाजार में उमड़ने वाली भीड़ को नियंत्रित करने का निर्देश दिया। बाजारों और माॅल में सुरक्षा की जिम्मेदारी सभी थाना प्रभारियों की होगी। डीसीपी मुख्यालय की ओर से 500 से अधिक जवानों को भीड़भाड़ वाले स्थानों पर तैनात किया जाएगा।
बैठक में यह बात सामने आई कि सदर बाजार में अगर कोई बाइक या रिक्शा चला जाए तो जाम लग जाता है। ऐसी स्थिति से निपटना मुश्किल हो जाता है। इस वजह से पांच से 15 नवंबर तक सदर बाजार में चार पहिया वाहनों के प्रवेश को पूरी तरह से प्रतिबंधित कर दिया गया है। इस दौरान दोपहिया वाहन, ऑटो, रिक्शा और ठेले के प्रवेश पर मनाही होगी।
यहां सबसे अधिक भीड़
सदर बाजार, पालम विहार, बादशाहपुर, सोहना, पटौदी, हांगकांग मॉल, न्यू काॅलोनी, अलग-अलग सेक्टरों की मार्केट, सुखाराली, डूंडाहेड़ा, अशोक विहार, डीएलएफ फेज-वन की मार्केट।
सदर बाजार के चारों ओर लगने वाले जाम पर नजर
सदर बाजार में आने वाले लोगों की ओर से बेतरतीब लगने वाले वाहनों के कारण ओल्ड दिल्ली रोड, न्यू दिल्ली रोड, गुरुद्वारा रोड, अग्रसेन चौक, अग्रवाल धर्मशाला से लेकर सिद्धेश्वर चौक पर जाम रहता है। पुलिस आयुक्त ने डीसीपी ट्रैफिक को विशेष निर्देश दिया है कि टीआई से लेकर जेडओ को अतिरिक्त तैनात किया जाए। इस दौरान अस्थायी पार्किंग की व्यवस्था के भी निर्देश दिए हैं।
वाहन पार्किंग के दौरान बरतें सावधानी
सदर बाजार में लगने वाली भीड़ को लेकर ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बाजार आते समय वह अपने वाहन को पार्किंग के लिए निर्धारित स्थान पर ही खड़ा करें। वाहन खड़ा करते समय इस बात का ध्यान रखें कि उनके कारण किसी अन्य को परेशानी न हो। सदर बाजार के बाहर कुछ दूरी पर अलग-अलग स्थानों पर वाहनों के पार्क करने के लिए जगह उपलब्ध है।
अतिक्रमण को बढ़ावा दे रहे शोरूम संचालक
बाजार में शोरूम संचालक मोटी रकम लेकर पटरी वालों से अतिक्रमण करा रहे हैं। अतिक्रमण भी बाजार में भीड़ का प्रमुख कारण है। इस मुद्दे पर पुलिस मार्केट एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ बैठक करे। व्यापारियों का कहना है कि वह त्योहार के दौरान सबको काम की इजाजत देते हैं। किसी प्रकार की अप्रिया घटना न हो इसके लिए पुलिस तैनात हो।
पुलिसकर्मियों की छुट्टियां निरस्त
त्योहारी सीजन को देखते हुए कमिश्नरेट में पुलिसकर्मियों की छुट्टियां निरस्त कर दी गई हैं। दिवाली पर ड्यूटी को देखते हुए बहुत से लोगों ने पहले से अवकाश के लिए प्रार्थनापत्र दे रखा था, जिन्हें निरस्त कर दिया गया है।
बाजारों में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए सुरक्षा का प्लान तैयार किया गया है। लोगों से अपील है कि वह भीड़भाड़ वाले स्थान पर जाने से बचें और अपने वाहन पार्किंग के लिए निर्धारित स्थान पर ही खड़ा करें। – विकास अरोड़ा, पुलिस आयुक्त, गुरुग्राम ।
CMUP NEWS सन्तोष कुमार यादव संवाददाता गुड़गांव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *