झिंझाना और गढ़ीपुख्ता नगर पंचायतों का डीएम आलोक यादव ने किया निरीक्षण
सफाई, जनगणना तैयारी, नाला सफाई और कर वसूली व्यवस्था को लेकर दिए सख्त निर्देश
शामली। जिलाधिकारी आलोक यादव ने बुधवार को नगर पंचायत झिंझाना एवं नगर पंचायत गढ़ीपुख्ता कार्यालयों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने साफ-सफाई, रिकॉर्ड व्यवस्था, जनगणना तैयारियों, शिकायत निस्तारण और कर वसूली व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
झिंझाना नगर पंचायत में पुराने सामान हटाने और सफाई व्यवस्था सुधारने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान डीएम ने सबसे पहले नगर पंचायत झिंझाना कार्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यालय में रखे पुराने और अनुपयोगी सामान को हटाने के निर्देश दिए। साथ ही संबंधित अधिकारियों से जनगणना की तैयारियों के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
जिलाधिकारी ने नगर क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाने के निर्देश देते हुए कहा कि सड़क किनारे ठेले लगाने वाले दुकानदारों को डस्टबिन रखने के लिए प्रेरित किया जाए। उन्होंने नगर के सौंदर्यीकरण को लेकर भी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस दौरान नगर पंचायत झिंझाना अध्यक्ष सुरेश पाल कश्यप, अधिशासी अधिकारी समीर कश्यप सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
गढ़ीपुख्ता नगर पंचायत में रिकॉर्ड रूम और आईजीआरएस व्यवस्था की जांच

इसके बाद जिलाधिकारी ने नगर पंचायत गढ़ीपुख्ता कार्यालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने रिकॉर्ड रूम का जायजा लेते हुए सभी अभिलेख व्यवस्थित ढंग से रखने के निर्देश दिए।
डीएम ने निर्देश दिया कि निलंबित कर्मचारी सत्येंद्र कुमार यदि दो दिन के भीतर चार्ज नहीं देते हैं तो उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाए।
शिकायतकर्ताओं से फोन पर बात कर लिया फीडबैक
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने आईजीआरएस रजिस्टर का अवलोकन किया और शिकायतों के निस्तारण की गुणवत्ता जांचने के लिए शिकायतकर्ताओं से फोन पर बातचीत भी की। शिकायतकर्ताओं द्वारा समाधान पर संतोष व्यक्त किए जाने पर उन्होंने अधिकारियों को पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए।
मानसून से पहले नाला सफाई और जलकर लागू करने के निर्देश
आगामी मानसून को देखते हुए डीएम ने नगर क्षेत्र में नाला सफाई अभियान तेज करने के निर्देश दिए। वहीं कर संग्रह कक्ष का निरीक्षण करते हुए निकाय की आय बढ़ाने के लिए उपविधि बनाकर जलकर लागू करने की बात कही।
उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए विभिन्न विकास योजनाओं के एस्टीमेट तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान नगर पंचायत गढ़ीपुख्ता अध्यक्ष प्रमोद कुमार, अधिशासी अधिकारी विनोद कुमार सोलंकी एवं अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
—-
अजीत कुमार श्रीवास्तव
मंडल प्रभारी, सहारनपुर मेरठ मंडल
📞 9456889665
