किसान दिवस में गूंजे किसानों के मुद्दे

डीएम आलोक यादव ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

अवशेष गन्ना भुगतान, टूटी सड़कें, आवारा पशु और स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर किसानों ने उठाई आवाज

आलोक यादव की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में किसान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिलेभर से पहुंचे किसानों ने अपनी विभिन्न समस्याएं प्रशासन के सामने रखीं। जिलाधिकारी ने एक-एक कर किसानों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए।

डीएम आलोक यादव ने कहा कि शामली कृषि प्रधान जनपद है और किसानों की समस्याओं का निस्तारण प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

गन्ना भुगतान से लेकर सड़कों तक उठे कई मुद्दे

किसान दिवस में किसानों ने मुख्य रूप से अवशेष गन्ना मूल्य भुगतान, एनएचएआई, पीडब्ल्यूडी, विद्युत विभाग, सिंचाई विभाग, जल निगम, स्वास्थ्य सेवाओं, पशुपालन विभाग, नगर पालिका और लोकल लिंक मार्गों की खराब स्थिति जैसी समस्याएं उठाईं। किसानों ने शहर में रोडवेज बसों की गति नियंत्रित करने और बंदरों की समस्या से निजात दिलाने की भी मांग की।

डीएम ने कहा कि पशु अस्पतालों का सर्वे कर उनकी स्थिति को प्राथमिकता के आधार पर सुधारा जाएगा। साथ ही एनएचएआई और पीडब्ल्यूडी अधिकारियों के साथ बैठक कर ब्लैक स्पॉट चिन्हित किए गए हैं, जहां दुर्घटना रोकने और सुरक्षा के दृष्टिकोण से कार्रवाई की जाएगी।

किसानों ने रखीं ये प्रमुख मांगें

  • ग्राम डांगरोल निवासी राजन जावला ने ग्राम सुन्ना की पीडब्ल्यूडी सड़क पर बड़े गड्ढों की समस्या उठाई।
  • ग्राम नाला निवासी कुलदीप पंवार ने समितियों पर यूरिया और डीएपी खाद उपलब्ध कराने की मांग की।
  • ग्राम पिण्डौरा निवासी कपिल खाटियान ने गन्ना बकाया भुगतान और नीलगाय की समस्या के समाधान की मांग रखी।
  • ग्राम चुनसा निवासी विदेश मलिक ने एनएचएआई अधिकारियों की अनुपस्थिति पर नाराजगी जताते हुए किसानों के साथ अलग बैठक कराने की मांग की।
  • भारतीय किसान यूनियन शामली के अध्यक्ष सांता प्रधान ने किसानों की समस्याओं पर गंभीरता से कार्रवाई करने की मांग की।
  • ग्राम नाला निवासी सुनील पंवार ने घसौली मार्ग के निर्माण कार्य में देरी का मुद्दा उठाया।
  • ग्राम पंजीठ निवासी पुष्कर सिंह ने कैराना नगर पालिका के गंदे पानी से फसलों के नुकसान और बीमारियों के फैलने की शिकायत की।
  • डांगरोल निवासी नितिन कुमार ने सीएचसी कांधला में रैबीज टीकों की कमी और आवारा कुत्तों की समस्या उठाई।

धान की खेती और योजनाओं पर भी हुई चर्चा

किसान दिवस में उप कृषि निदेशक प्रमोद कुमार ने पिछली किसान दिवस बैठकों में प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की जानकारी दी। वहीं केवीके जलालपुर के परियोजना समन्वयक संदीप चौधरी ने किसानों को धान की खेती से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।

बैठक में जिला कृषि अधिकारी, जिला गन्ना अधिकारी, जिला उद्यान अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।

——-

अजीत कुमार श्रीवास्तव 

मंडल प्रभारी,सहारनपुर मेरठ/मंडल 

📞9456889665

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *