संपूर्ण समाधान दिवस में डीएम आलोक यादव सख्त

शिकायतों के त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश

शामली तहसील में 55 शिकायतें प्राप्त, 14 का मौके पर समाधान

 

राशन कार्ड, बिजली, पेंशन व आयुष्मान कार्ड संबंधी समस्याओं के लिए लगाए गए विशेष काउंटर

शामली। प्रदेश सरकार के महत्त्वपूर्ण कार्यक्रम “संपूर्ण समाधान दिवस” का आयोजन शनिवार को तहसील शामली सभागार में जिलाधिकारी आलोक यादव की अध्यक्षता में आयोजित किया गया। समाधान दिवस में बड़ी संख्या में पहुंचे फरियादियों की समस्याओं को सुनते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों का मौके पर मुआयना कर गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

जिलाधिकारी ने विशेष रूप से भूमि संबंधी मामलों में राजस्व एवं संबंधित विभागों की संयुक्त टीम बनाकर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। समाधान दिवस में राशन कार्ड, विद्युत विभाग, भूमि विवाद, पेंशन एवं आयुष्मान कार्ड से जुड़ी शिकायतें प्रमुख रूप से प्राप्त हुईं।

इस दौरान जिलाधिकारी द्वारा पूर्व में शुरू की गई नई पहल भी प्रभावी नजर आई। स्वास्थ्य विभाग, पूर्ति विभाग, विद्युत विभाग एवं समाज कल्याण विभाग द्वारा विशेष काउंटर लगाए गए, जहां ऑपरेटरों के माध्यम से शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। राशन कार्ड से संबंधित प्राप्त 11 शिकायतों में से 9 शिकायतों का तत्काल समाधान कर दिया गया।

डीएम आलोक यादव ने कहा कि इस व्यवस्था से फरियादियों को एक ही छत के नीचे राहत मिल रही है और उन्हें विभागों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे।

संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 55 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें 14 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों के जल्द निस्तारण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।

इस अवसर पर डीएफओ जगदेव सिंह, एसडीएम निधि भारद्वाज, सीएमओ डॉ अनिल कुमार, परियोजना निदेशक डीआरडीए प्रेम चन्द, डिप्टी कलेक्टर हामिद हुसैन एवं तहसीलदार मनोज कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

कैराना तहसील में एडीएम सत्येन्द्र सिंह ने सुनीं जनसमस्याएं

30 शिकायतें प्राप्त, 4 का मौके पर निस्तारण

कैराना। तहसील कैराना में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व सत्येन्द्र सिंह की अध्यक्षता में किया गया।

कार्यक्रम में फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए एडीएम ने संबंधित अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। समाधान दिवस में कुल 30 शिकायती पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 4 शिकायतों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया।

इस अवसर पर एसडीएम शिवाजी यादव, तहसीलदार कैराना एवं अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

ऊन तहसील में एसडीएम विनय प्रताप सिंह भदौरिया की अध्यक्षता में समाधान दिवस

22 शिकायतें आईं, 3 का मौके पर हुआ निस्तारण

ऊन। तहसील ऊन में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन एसडीएम विनय प्रताप सिंह भदौरिया की अध्यक्षता में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम में फरियादियों की शिकायतों को सुनते हुए एसडीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से निस्तारण किया जाए।

संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 22 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 3 शिकायतों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि अन्य शिकायतों के निस्तारण हेतु संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

इस अवसर पर तहसीलदार ऊन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

अजीत कुमार श्रीवास्तव

मंडल प्रभारी, सहारनपुर-मेरठ 

📞 9456889665

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *