20 मई को दवा बंदी से अलग रहेगा दवा विक्रेता समिति संगठन, दुकानें खुली रखने का ऐलान

20 मई को दवा बंदी से अलग रहेगा दवा विक्रेता समिति संगठन, दुकानें खुली रखने का ऐलान
जीत नारायण (ब्यूरो लखनऊ)
लखनऊ। आगामी 20 मई को प्रस्तावित दवा बंदी को लेकर दवा विक्रेता समिति (रजि.), लखनऊ की एक अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन ने बंदी से अलग रहने का निर्णय लेते हुए स्पष्ट किया कि शहर की सभी दवा दुकानें प्रतिदिन की तरह खुली रहेंगी, ताकि मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
बैठक में पदाधिकारियों ने कहा कि दवा व्यापार से जुड़ी वर्तमान समस्याओं की मुख्य वजह ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर दी जा रही अनैतिक छूट और e-pharmacy का बढ़ता प्रभाव है। संगठन ने सरकार से इस व्यवस्था पर सख्त कानून बनाने की मांग की, लेकिन बंदी को इसका समाधान मानने से इनकार किया।
संगठन ने नकली एवं duplicate दवाओं के मुद्दे पर भी चिंता व्यक्त की। वक्ताओं ने कहा कि मरीजों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और नकली दवाओं के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जाना चाहिए।
दवा विक्रेता समिति ने बताया कि CDFUP के निर्देशानुसार उत्तर प्रदेश की समस्त दवा दुकानें 20 मई 2026 को पूरी तरह खुली रहेंगी।
बैठक में महामंत्री सी. एम. दुबे, कोषाध्यक्ष सुनीत कपूर, वरिष्ठ उपाध्यक्ष रितेश आनंद, राजीव शर्मा, संगठन मंत्री अमित गुलाटी, उपाध्यक्ष मनोज तकियार, परविंद्र अरोरा, प्रवक्ता शैलेन्द्र गुप्ता, जसजीत सिंह, प्रखर रस्तोगी समेत अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
