श्रद्धालुओं की सुरक्षा और व्यवस्थाओं का लिया जायजा, अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
शामली, 25 मई 2026।
गंगा दशहरा पर्व के दृष्टिगत जनपद प्रशासन पूरी तरह सतर्क एवं मुस्तैद नजर आया। रविवार को जिलाधिकारी आलोक यादव एवं पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र प्रताप सिंह ने संयुक्त रूप से कैराना स्थित यमुना ब्रिज एवं आसपास के क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने श्रद्धालुओं की सुविधा, यातायात व्यवस्था, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई तथा सुरक्षा प्रबंधों का गहन निरीक्षण किया। साथ ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद बनाए रखने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर एसडीएम कैराना शिवाजी यादव ने गंगा दशहरा पर्व के मद्देनजर यमुना घाट पर श्रद्धालुओं के लिए की गई सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि घाटों एवं पुल क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है तथा सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी रखी जा रही है। इसके अलावा आपातकालीन सेवाओं को भी सक्रिय रखा गया है ताकि किसी भी स्थिति से तत्काल निपटा जा सके।
निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक एवं पुलिस विभाग के अधिकारीगण भी मौजूद रहे।
रिपोर्ट : अजीत कुमार श्रीवास्तव मंडल प्रभारी, सहारनपुर/मेरठ मंडल