गोरखपुर महोत्सव-दिव्यांगजन ट्राई-साइकिल दौड़ प्रतियोगिता में बरोली पिपराइच के राकेश कुमार रहे अव्वल।
दामोदर उपाध्याय (ब्यूरो गोरखपुर)
गोरखपुर।विगत वर्ष की भांति गोरखपुर महोत्सव में गोरखपुर खेल महोत्सव के अंतर्गत सीआरसी -गोरखपुर द्वारा एक ट्राई-साइकिल दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। स्थानीय रीजनल स्पोर्ट्स स्टेडियम गोरखपुर में आयोजित इस प्रतियोगिता में बरौली पिपराइच के राकेश कुमार ने प्रथम, सहजनवा के देवेंद्र कुमार शर्मा ने द्वितीय तथा नैयापार पिपराइच के बनारसी दास ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। सीआरसी प्रांगण से कार्यक्रम का शुभारंभ श्रीमती किरण यादव, आईपीएस एवं प्राचार्य पुलिस ट्रेनिंग स्कूल गोरखपुर ने हरी झंडी दिखाकर किया। इस अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि क्षेत्रीय क्रीडा अधिकारी आले हैदर ने सभी प्रतिभागियों को पुरस्कार और प्रमाण-पत्र वितरित करते हुए कहा कि दिव्यांगजनों हेतु हर तीसरे महीने इस प्रकार के कार्यक्रम का आयोजन होते रहना चाहिए जिसके लिए क्षेत्रीय स्पोर्ट्स स्टेडियम हमेशा ही अपना सहयोग प्रदान करता रहेगा। कार्यक्रम में अपनी-अपनी ट्राई -साइकिल के साथ गोरखपुर के सुदूर ग्रामीण अंचलों से बडी संख्या में दिव्यांगजन उपस्थित रहे। बता दें सीआरसी गोरखपुर 2019 से लगातार इस कार्यक्रम का आयोजन कर रहा है। सीआरसी गोरखपुर के रेजिडेंट कोऑर्डिनेटर नीरज मधुकर ने बताया कि समावेशी समाज के निर्माण के लिए सीआरसी गोरखपुर लगातार इस प्रकार के कार्यक्रमों को प्रोत्साहित कर रहा है। इस हेतु ये सभी दिव्यांगजन सीआरसी में पिछले दो दिनों से प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे थे। इस अवसर पर कार्यक्रम समन्वयक अमित कुमार कच्छप, विजय कुमार गुप्ता, सहित सीआरसी गोरखपुर के सभी अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
