9.42 करोड़ की साईबर ठगी करने पर चमनपाल व जगतपाल को भी पुलिस ने किया गिरफ्तार।
9.42 करोड़ की साईबर ठगी करने पर चमनपाल व जगतपाल को भी पुलिस ने किया गिरफ्तार।

सन्तोष कुमार यादव
गुड़गांव:- देश भर में लोगों से 9.42 करोड़ की साईबर ठगी करने के दो आरोपी चमन पाल व जगत पाल को गुडग़ांव पुलिस ने काबू किया है। आरोपियों पर सौ से ज्यादा केस देश भर में दर्ज हैं। आरोपियों ने एक युवक व युवती को परेशान करने के लिए उनकी फेक इंस्टाग्राम आईडी बनाई और लोगों से रुपये की डिमांड की थी। दोनों विभिन्न प्रकार की अन्य साईबर अपराध की घटनाओं में भी शामिल रहे हैं।
दरअसल, डीसीपी साउथ सिद्धांत जैन व एसीपी साईबर विपिन अहलावत की अगुवाई में थाना साईबर वेस्ट की पुलिस टीम ने विभिन्न ठगी की वारदातों का अंजाम देने के मामले में दो आरोपियों को पालम विहार एरिया से काबू किया गया। जिनकी पहचान चमनपाल व जगत पाल यादव के रुप में हुई। पुलिस ने इनके कब्जा से वारदात मे प्रयोग किए गए 2 मोबाईल फोन व 2 सिमकार्ड बरामद किए। मोबाईल फोन व सिम कार्ड्स का इंडियन साईबर क्राईम कोर्डिनेट सेंटर से डाटा अवलोकन कराने पर सामने आया कि चमन पाल की जिन मामलों में संलिप्तता पाई गई है उनमें पूरे भारतवर्ष में लगभग 8 करोड़ 35 लाख रुपए की ठगी मामले में 2534 शिकायतें दर्ज हैं।
इस संबंध में 86 केस पूरे भारतवर्ष में दर्ज हैं। जिनमें से 4 केस हरियाणा में दर्ज हैं। जबकि आरोपी जगतपाल यादव की जिन मामलों में संलिप्तता पाई गई है, उनमें पूरे भारतवर्ष में लगभग 1 करोड़ 7 लाख रुपए की ठगी के संबंध में 322 शिकायतें दर्ज हैं। जिन पर 21 केस पूरे भारत में अंकित है।
