मानसिक रूप से अस्वस्थ किशोर को परिजनों से पुलिस ने मिलाया

मानसिक रूप से अस्वस्थ किशोर को परिजनों से पुलिस ने मिलाया
जीत नारायण
लखनऊ। राजधानी लखनऊ की रहीमाबाद पुलिस ने संवेदनशीलता और मानवता का परिचय देते हुए मानसिक रूप से अस्वस्थ एक किशोर को सुरक्षित उसके परिजनों से मिलाकर सराहनीय कार्य किया है।
पुलिस के अनुसार, 8 अगस्त 2026 को ग्राम जालामऊ रेलवे क्रॉसिंग के पास एक मानसिक रूप से अस्वस्थ किशोर के भटकने की सूचना प्राप्त हुई।
सूचना मिलते ही थाना रहीमाबाद पुलिस मौके पर पहुंची और किशोर को सुरक्षित संरक्षण में लिया। पूछताछ के दौरान उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण वह अपने बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं दे सका और अलग-अलग गांवों के नाम बताता रहा।
इसके बावजूद पुलिस टीम ने धैर्य और सूझबूझ से स्थानीय लोगों से जानकारी जुटाई तथा लगातार प्रयास करते हुए किशोर की पहचान अनुज (लगभग 16 वर्ष) के रूप में की। इसके बाद उसके पिता सुखबारी पुत्र स्वर्गीय लक्ष्मण प्रसाद, निवासी ग्राम भटऊ जमालपुर, थाना काकोरी, जनपद लखनऊ से संपर्क स्थापित किया गया।
सूचना मिलने पर अनुज के पिता थाना रहीमाबाद पहुंचे और अपने पुत्र की पहचान की। आवश्यक कानूनी एवं औपचारिक प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद पुलिस ने किशोर को सकुशल उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
अपने बेटे को सुरक्षित पाकर परिजनों ने राहत की सांस ली और रहीमाबाद पुलिस की त्वरित कार्रवाई, संवेदनशीलता एवं मानवीय व्यवहार की सराहना करते हुए पूरी पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।
