Uncategorized

सरकारी योजनाओं से स्वरोजगार अपनाने के लिए महिलाओं को किया गया प्रेरित

 

जीत नारायण

लखनऊ। मण्डलीय ग्रामोद्योग प्रशिक्षण केन्द्र, डालीगंज में कौशल सुधार प्रशिक्षण योजना के तहत 50 ग्रामीण महिलाओं के लिए 15 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। प्रशिक्षण 10 अगस्त से 25 अगस्त 2026 तक आयोजित किया जाएगा। इसके अंतर्गत 25 महिलाओं को जूट बैग निर्माण तथा 25 महिलाओं को चिकनकारी का प्रशिक्षण दिया जाएगा।

प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति एवं जनजाति आयोग के अध्यक्ष बैजनाथ रावत ने फीता काटकर, महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया। उन्होंने प्रशिक्षार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि कौशल विकास के माध्यम से महिलाएं स्वरोजगार स्थापित कर आत्मनिर्भर बन सकती हैं।

उन्होंने केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाकर स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने का भी आह्वान किया। इस अवसर पर पूर्व उपनिदेशक सूचना विभाग मधु तांबे ने महिलाओं को लघु उद्योग एवं उद्यमिता के प्रति प्रेरित किया।

जिला ग्रामोद्योग अधिकारी अवधेश कुमार गौतम ने प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (पीएमईजीपी), मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार योजना तथा मुख्यमंत्री युवा उद्यमी प्रोत्साहन योजना की विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम में प्राचार्य तनुजा, प्रशिक्षण प्रभारी महेन्द्र प्रताप सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *