राष्ट्रीय लोक अदालत में 1.79 लाख वादों का निस्तारण
जनपद न्यायाधीश ने किया शुभारंभ, 4.14 करोड़ रुपये की धनराशि का हुआ सेटलमेंट
कैराना। जनपद न्यायालय परिसर में आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में शनिवार को रिकॉर्ड संख्या में वादों का निस्तारण किया गया। राष्ट्रीय लोक अदालत के दौरान कुल 1 लाख 79 हजार 642 वादों का समाधान करते हुए करीब 4 करोड़ 14 लाख 35 हजार 874 रुपये की धनराशि का सेटलमेंट कराया गया।
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली, उच्च न्यायालय इलाहाबाद एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण लखनऊ के निर्देश पर आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत का शुभारंभ जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शामली के अध्यक्ष इंद्रप्रीत सिंह जोश ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर डीएम आलोक यादव, एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह, न्यायिक अधिकारी, बैंक अधिकारी, अधिवक्ता एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
राष्ट्रीय लोक अदालत में विभिन्न न्यायालयों द्वारा बड़ी संख्या में मामलों का निस्तारण किया गया। प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय ब्रिजेश कुमार शर्मा ने 26 मामलों, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश (पोक्सो कोर्ट) अशोक भारतेन्दु ने 4 मामलों तथा अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश (एससी/एसटी एक्ट) सुरेन्द्र राय ने 176 मामलों का निस्तारण किया।
इसी प्रकार अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश (एफटीसी) रीतू नागर ने 1 मामला, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अक्षयदीप यादव ने 3102 मामले, सिविल जज सीनियर डिवीजन/एसीजेएम शामली आंचल कसाना ने 961 मामले तथा सिविल जज सीनियर डिवीजन/एसीजेएम कैराना गंधर्व पटेल ने 423 मामलों का निस्तारण कराया।
सिविल जज जूनियर डिवीजन शामली शिल्पा जैन ने 730 मामले, सिविल जज जूनियर डिवीजन कैराना जीनत परवीन ने 109 मामले तथा न्यायिक मजिस्ट्रेट शामली दिव्या चन्द्रा ने 1051 मामलों का निस्तारण किया।
लोक अदालत के दौरान समस्त न्यायालयों में कुल 6584 वादों का निस्तारण करते हुए 79 लाख 33 हजार 742 रुपये का सेटलमेंट कराया गया। वहीं राजस्व न्यायालयों द्वारा 1 लाख 72 हजार 704 मामलों का निस्तारण किया गया, जिनमें 1 लाख 21 हजार 360 रुपये का सेटलमेंट हुआ।
इसके अलावा बैंक एवं टेलीफोन बिल से संबंधित 354 प्री-लिटीगेशन वादों का भी निस्तारण किया गया, जिनमें 3 करोड़ 33 लाख 80 हजार 772 रुपये की धनराशि का सेटलमेंट कराया गया।
राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन जनपद न्यायाधीश इंद्रप्रीत सिंह जोश के कुशल निर्देशन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
अजीत कुमार श्रीवास्तव
मंडल प्रभारी सहारनपुर/मेरठ मंडल
📞 9456889665
