Crime News

किस्त वसूली का खौफनाक तरीका! युवक को बनाया बंधक, जबरन निकलवाया खून

25 हजार का इनामी गिरफ्तार, चार दिन मजदूरी कराने का भी आरोप; 50 से ज्यादा CCTV खंगालकर पुलिस ने दबोचा

 

जीत नारायण (ब्यूरो लखनऊ)

लखनऊ। मोबाइल की किस्त नहीं चुकाई तो कथित तौर पर युवक को रास्ते से उठा लिया गया। चार दिन तक बंधक बनाकर मजदूरी कराने और उसकी इच्छा के विरुद्ध ब्लड निकलवाने के आरोप में निगोहां पुलिस ने 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी शुभम सिंह को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी किस्त वसूली से जुड़े काम में शामिल था।

किस्त वसूली के नाम पर युवक को उठाने का आरोप

पुलिस के अनुसार, 14 सितंबर को राजारामखेड़ा निवासी महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके बेटे नेवल कुमार को मोबाइल की किस्त बकाया होने के कारण शुभम सिंह और उसके साथियों द्वारा कथित तौर पर अपने साथ ले जाया गया। आरोप है कि युवक को करीब चार दिन तक बंधक बनाकर मजदूरी कराई गई और उसकी इच्छा के विरुद्ध रक्त निकलवाया गया। इस दौरान 2,799 रुपये की किस्त भी ऑनलाइन जमा कराई गई।

पहले दो आरोपी गिरफ्तार, तीसरा निकला 25 हजार का इनामी

मामले में पुलिस ने अनिकेत सिंह उर्फ काका और सुशान्त शर्मा को 17 सितंबर को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा था। विवेचना में शुभम सिंह की भूमिका सामने आने के बाद उसकी गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमें लगाई गईं।

पुलिस का दावा है कि आरोपी तक पहुंचने के लिए 50 से अधिक CCTV फुटेज खंगाले गए। तकनीकी और मैनुअल साक्ष्यों के साथ स्थानीय सूचना तंत्र की मदद से पुलिस ने 20 सितंबर को शुभम सिंह को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में सामने आई पूरी कहानी

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में शुभम सिंह ने खुद को टीवीएस क्रेडिट सर्विसेज लिमिटेड, विभूतिखंड में फील्ड एजेंट बताया। पुलिस के अनुसार आरोपी ने बताया कि वह और उसके साथी बकायेदारों से किस्त वसूली का काम करते थे।

आरोपी के कथित बयान के मुताबिक, नेवल कुमार की किस्त बकाया थी। कई बार घर जाने के बावजूद उसके नहीं मिलने पर कथित तौर पर उसे गांव के बाहर से उठा लिया गया। पुलिस के अनुसार, युवक को एक ब्लड सेंटर ले जाकर उसकी इच्छा के विरुद्ध एक यूनिट रक्त निकलवाया गया। इसके बाद उसे कथित तौर पर करीब चार दिन तक घर पर रखकर छत का प्लास्टर तोड़ने की मजदूरी कराई गई।

एक्टिवा और मोबाइल बरामद

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त होंडा एक्टिवा-125 (UP 32 RL 8613) और एक रियलमी मोबाइल फोन बरामद किया है।

गिरफ्तार करने वाली टीम में थानाध्यक्ष रविन्द्र कुमार, वरिष्ठ उपनिरीक्षक राजेश कुमार दीक्षित, उपनिरीक्षक चन्दन कुमार यादव, उपनिरीक्षक हर्ष वर्मा और कांस्टेबल मुनेन्द्र कुमार आदि शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *